Skip to main content

विराम।

विराम।


बहुत दिन बीत जाते हैं और फिर निकल कर आती है वो बात जिसे वक़्त काफ़ी वक़्त से अपने पीछे रखता हुआ आता हैं।

कभी कभी लगता है कि एक ऐसा स्थान होना चाहिए जहाँ से विराम स्पष्ट दिखे और वहाँ से मैं रोज़ उस विराम को इस उम्मीद से देखूँ कि कभी वहाँ जाकर सब समाप्त कर दूँगी, बचा कुचा जान लेने के बाद।

कभी कभी विश्व में भरा पूरा जल प्यास नहीं मिटा पाता है, इतने फल फूल क्षुधा नहीं समाप्त कर पाते हैं और प्रेम भी संतुष्टि और पूर्ति के लिए पर्याप्त नहीं होता है।

मन पृथ्वी की तरह किसी सूर्य के चक्कर काट रहा होता है, निरन्तर! सूर्य बढ़ता जाता है, निकटतम आता जाता है, ताप से मुझे जलाता जाता है।

मेरा सूर्य सांसारिक बातें हैं और मेरा नासमझ मन पृथ्वी।


कभी कभी मन करता है उस व्यक्ति का गिरेबान पकड़ लूँ और झकझोड़ दूँ उसे जिसने बनाई बेतुकी ज़िम्मेदारियाँ, असहज रिश्ते, कमज़ोर रक्तसम्बन्ध और बेडौल सामाजिकता।

मुझे लगता है या कह लो कहीं न कहीं पता है कि नीतियाँ बनाई गई थीं स्थायित्व लाने के लिए परन्तु अपने अस्थिर स्व को देख मेरी चिंता पहाड़ों की चोटी के अकेलेपन को देखती है, और सोचती है अकेला रहना सुंदर लगने जैसा है।

अकेला पक्षी, अकेला पहाड़, अकेला झरना, अकेला जहाज गगन चूम आते हैं।

एकाकीपन भीड़ में गौड़ लगता है परन्तु इसकी परिधि की पहुँच को समझने वाले व्यक्ति अपने अपने आसमान को स्पर्श कर आए हैं।


जीवन होना और जीवित रहना कितना महत्वपूर्ण है।

मेरा कुछ कर गुज़रना अब मुझे किंचमात्र लगता है,

बस मेरे समय का स्थायित्व के साथ गुज़रते रहना ही सम्पूर्ण को जन्म देगा।

बचा कुचा ख़त्म हो जाएगा।

तब मैं जाऊँगी अपने विराम के गर्भ में,

और मुस्कुरा कर सो जाऊँगी।

- प्राची।

It's time for change 😊

Comments

  1. This is so beautifully expressed.

    ReplyDelete
  2. Hey dear. I’m speechless. That’s it. And yes, I get lost, somewhere whenever I read your posts. 💗 All the best.

    ReplyDelete

Post a Comment

Popular posts from this blog

एक दिन।

                          एक दिन। आजकल सुबह होती है मगर सूरज नहीं निकलता। जैसे-तैसे आँखे मींचते हुए पलंग से उतरकर बाथरूम तक जाती हूँ। ब्रश करते हुए शीशे में अपनी शक्ल दिखती है, उसमे सूजी हुई ऑंखें दिखती हैं और उन आँखों में बिखरते सपने। खुद से नज़रें मिलाकर देखने की अब हिम्मत नहीं है। नहाते हुए अपने इस हड्डियों के ढांचे के लिए एक घृणा सी पैदा होती है, माथे पर बनी रेखाएँ न जाने किस शहर का पता बता रही होती हैं, मालूम नहीं। शर्ट पहनते वक्त अनगिनत सवाल मन में आते हैं।  क्या कर रही है ? क्यों कर रही है ? ज़िन्दगी में क्या करना है ? कुछ सोचा है ? सब आगे बढ़ रहे है , तू वही की वही है। शर्ट के बटनों के बीच कहीं, यथार्थ और सपनें आपस में नोक झोक करते दिखाई देते है। बाल बनाते वक्त मैं कोसती हूँ आज को और आँखे बंद करती हूँ। मन ने कहीं बस एक रट लगा रखी है कि अब बस बहुत हो गया। 23 की उम्र में कोई थका हुआ कैसे हो सकता है ? ज़िन्दगी के कौन-से पड़ाव पर मैंने जीना छोड़ दिया? यह मुझे खबर नहीं। बस अब व्याकुलता और बेबसी के बीच जी रहा कोई इंसान ह...

पीले पड़ते पन्नों के बीच।

वहाँ उसके पास एक कमरा था, जो धीरे-धीरे खाली होता जा रहा था। अजीब बात यह थी कि वह जितना स्वयं को भीतर से रिक्त कर रही थी, वह कमरा उससे उतने ही अधिक सवाल पूछने लगा था। उस कमरे के हर कोने में एक किताब रखी थी, किसी की याद की किताब। उनके पन्ने समय की धूप में धीरे-धीरे पीले पड़ते जा रहे थे। अब वह उन्हें पढ़ नहीं पाती थी। यह बात उसे परेशान भी करती थी और चिंतित भी। कुछ किताबें ही तो बची थीं उसके पास। फिर क्यों वह उनसे भी दूरी बनाने लगी थी? शायद इसलिए कि वे सिर्फ किताबें नहीं थीं। वे किसी की मौजूदगी के अंतिम प्रमाण थीं। और यादों को बार-बार दोहराना उसे भूलने जैसा लगता था। वह भूलना नहीं चाहती थी। शायद यही कारण था। हाँ, यही कारण था। उसे मालूम था कि उस रोशनदान से, जो कमरे की सबसे दूर वाली दीवार पर उसकी जीने की उम्मीद का एक छोटा-सा टुकड़ा था, अब कभी सूरज की पहली किरण उसके बिस्तर तक नहीं पहुँचेगी। कोई सुनहरी शाम भी उसके घुटन भरे कमरे में आराम की कोई रात छोड़कर नहीं जाएगी। जीवन में एक समय ऐसा आता है जब सुबह, दोपहर, शाम और रात के बीच का अंतर धुँधला पड़ने लगता है। समय अपनी पहचान खो देता है। लेकिन उसी सम...

LIFE

Once upon a time there was a man who was living close to a mountain and everyday he was thinking: how would it be to climb that mountain, and what would I see on the peak? 🌌 And finally the day came and the man on the journey. Arriving at the foot of the mountain he met the first traveller. So he asked: how did you get up the mountain and what did you see on the top? And so the traveller shared his path and also the view that he had. But then the man, he was thinking to himself: The way that the traveller just described it sounds very exhausting.  I need to find another way to climb. So he continued on the foot of the mountain until he met the next traveller.  Once again he asked: how did you climb up that mountain and what did you see on the top? And so the other traveller shared his story still not being determined on which directions and which way to go, The man asked thirty more people, thirty more travellers.  When he finished talking to all of them, he finally made...